मनपसन्द जापानी खाना

मनपसन्द जापानी खाना

2012 में जापानी भोजन को युनेस्को की अमूर्त साँस्कृतिक धरोहरों की सूची में दर्ज किया गया। जापानी भोजन में समुद्र और पहाड़ों से मिलने वाली खाद्य सामग्री का भरपूर उपयोग होता है और यह विदेशियों में भी बहुत लोकप्रिय है। बहुत सारे विदेशी जापानी भोजन खाने के लिए जापान आते हैं। यहाँ आप पढ़ सकते हैं कि जापान में काम करने वाले विदेशियों को जापानी भोजन के कौन से व्यंजन सबसे ज़्यादा पसन्द हैं।

Contents:

जापानी भोजन की पहचान, सुशि

थाईलैंड की पोमपनित्ता तोरपिथाकपोंग को जापानी भोजन में सुशि सबसे पसन्द है। इंडोनेशिया की आयु जी को भी सुशि पसन्द है। मंगोलिया के खोंगजिल्त ओत्गोन्गेरेल का पसन्दीदा व्यंजन साशिमि है। साशिमि बनाने के लिए ताज़ा मछली के बेहद पतले कतले काटते हैं और सोय सॉस लगा कर खाते हैं। जापान में खाना परोसते समय उसकी सुन्दरता पर भी पूरा ध्यान दिया जाता है। सुशि बनाने के लिए साशिमि को सिरके वाले चावलों पर रखा जाता है। इन दिनों यह व्यंजन पूरी दुनिया में लोकप्रिय हो रहा है। सुशि बहुत तरह की होती है – जैसे, निगिरिज़ुशि, माकिज़ुशि, चिराशिज़ुशि और ओशिज़ुशि। जापान में ऐसी दुकानें भी हैं जहाँ कन्वेयर बेल्ट पर एक के बाद एक सुशि की प्लेटें आती रहती हैं। इसे काइतेनज़ुशि कहते हैं। सुशि सिर्फ़ महंगी दुकानों में ही नहीं मिलती। सुपरमार्केट या कन्वीनियंस स्टोर से भी आप आसानी से सुशि खरीद सकते हैं।

 

जापान में "दोन" व्यंजन के प्रकार

फ़िलिपीन्स की लवली एस्टोर्जिओ जी कहती हैं कि उन्हें “दोन्बुरी” बहुत पसन्द है। इसे बनाने के लिए एक कटोरे में चावल रखते हैं और उसके ऊपर, सब्ज़ियाँ , मछली, माँस या अन्य सामग्री रखते हैं। जापान में बहुत तरह के “दोन” व्यंजन मिलते हैं – जैसे, कात्सुदोन, तेनदोन, ग्यूदोन, ओयाकोदोन और काइसेनदोन। इन व्यंजनों को आप इनके नाम के अन्त में लगे “दोन” से पहचान सकते हैं।

ग्यूदोन में गौमाँस का इस्तेमाल होता है, कात्सुदोन में पोर्क का और ओयाकोदोन में चिकन का। जापान में “दोन” व्यंजनों की ऐसी दुकानें भी हैं जिनकी कई शाखाएँ होती हैं। वहाँ आप आसानी से भरपेट खाना खा सकते हैं।

 

याकिसोबा - माँ के हाथ का स्वाद

फ़िलिपीन्स की ही मारिए स्टेला वि एस मोरेनो जी ने बताया, “जापान में सबसे पहले मैंने ताकोयाकि खायी। इसलिए वह मुझे बहुत पसन्द है। उसके बाद पसन्द है याकिसोबा। इसे बनाने का तरीका फ़िलिपीन्स के पानशित्तो व्यंज से मिलता जुलता है। मुझे पानशित्तो पसन्द है इसलिए याकिसोबा भी पसन्द है।”

 

चलो, करी-राइस बनाएँ

वियतनाम की त्रान थि थु होआइ जी और गुएन थि थुय लिन जी को जापानी भोजन मं करी-राइस सबसे ज़्यादा पसन्द है। जापान की करी भारत की करी से अलग होती है क्योंकि इसमें मैदा मिलाया जाता है। यह थोड़ी लिसलिसी होती है और इसे चावल पर डालकर करी-राइस के रूप में खाया जाता है। वैसे आप जापान में भारत और थाईलैंड की करी भी खा सकते हैं। बाज़ार में मिलने वाले करी मसाले की मदद से आप आसानी से घर में भी करी-राइस बना सकते हैं। अगर आप व्यस्त हैं या जल्ती से करी बनाना चाहते हैं तो सुपरमार्केट या कन्वीनियंस स्टोर्स से रेडी टू ईट पैक भी खरीद सकते हैं।